पूर्णा रेलवे स्टेशनपर फुट ओवर ब्रिज के दोनों छोरों पर ऑटो रिक्शा योग्य रैंप बनाने की मांग..

Spread the love

प्रधानमंत्री को जनताका सुझाव पत्र

पूर्णा ता.१२(प्रतिनिधी) : पी.एम. गति शक्ति योजना के अंतर्गत पूर्णा रेलवे स्टेशन पर जारी विकास कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को एक सुझाव पत्र भेजा है। पत्र में नागरिकों ने स्टेशन के तीव्र गति से हो रहे आधुनिकीकरण की सराहना करते हुए कहा है कि इस योजना से यात्रियों को बेहतर सुविधा और आधुनिक संरचना का लाभ मिलेगा।

साथ ही, नागरिकों ने स्टेशन पर बनने वाले प्रस्तावित पैदल ऊपरी पुल (फुट ओवर ब्रिज) में कुछ सुधार करने का अनुरोध किया है। उनके अनुसार, प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर “रैंप” नांदेड छोर पर और “एस्केलेटर” परभणी छोर पर बनाने का प्रस्ताव है। नागरिकों ने सुझाव दिया है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “रैंप” परभणी छोर पर और “एस्केलेटर” नांदेड छोर पर निर्मित किया जाए। इससे महिला यात्री, वरिष्ठ नागरिक, छात्र और रेलकर्मी सभी को अधिक आराम और सुविधा प्राप्त होगी।

नागरिकों ने यह भी बताया कि प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 के बाहर मुख्य बाजार, बैंक, अस्पताल और नगर परिषद कार्यालय स्थित हैं, जबकि प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 की ओर रेलवे कॉलोनी, नालंदा नगर, रमाई नगर और पंचशील नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं। दोनों ओर के नागरिकों को बाजार या स्टेशन तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है।

इस समस्या के समाधान के लिए नागरिकों ने मांग की है कि बनने वाले पैदल ऊपरी पुल के दोनों सिरों से ऑटो रिक्शा चलने योग्य “रैंप” का निर्माण किया जाए, जैसा कि हिंगोली रेलवे स्टेशन पर किया गया है। नागरिकों का कहना है कि ऐसा करने से यात्रियों, रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।पूर्णा वासियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल प्रशासन से इस सुझाव पर गंभीरता से विचार कर इसे विकास योजना में शामिल करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page